सोनीपत: कलश यात्रा संग रामकथा, नवचंडी महायज्ञ शुभारंभ
सोनीपत, 21 फ़रवरी (हि.स.)। सोनीपत
में ठाकुरद्वारा पंचायती मंदिर, बड़ा बाजार से सात दिवसीय रामकथा और नवचंडी महायज्ञ
का शनिवार को शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। सुबह महिला श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर
से कलश यात्रा निकाली, जो पुराने शहर के मार्गों से होती हुई देवी जी चिटाने वाले माता
मंदिर स्थित कथा स्थल पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।
कार्यक्रम
में पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि राम
का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए अनुकरणीय है। धर्म के मार्ग पर चलते समय कई बार निजी
संबंधों और सामाजिक दबावों के कारण कठिन परिस्थितियां आती हैं, लेकिन ईमानदारी से दायित्व
निभाना ही सच्चा धर्म है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ समाज और
राष्ट्र के प्रति भी कर्तव्य होते हैं। धर्म के अनुरूप निर्णय लेने से ही व्यवस्था
सुदृढ़ रहती है।
मुख्यमंत्री
के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि राम मंदिर निर्माण का मार्ग संतों के
संकल्प से प्रशस्त हुआ है। उन्होंने देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को मजबूत करने
तथा असामाजिक तत्वों के प्रयासों को विफल करने का आह्वान किया। युवाओं से राम के आदर्श
आचरण को अपनाने की अपील की गई। दोपहर में संगीतमय कथा का आयोजन हुआ। कथावाचक दयानन्द
सरस्वती यति महाराज और महामंडलेश्वर अर्जुन दास महाराज ने प्रवचन देते हुए कहा कि रामकथा
श्रवण से व्यक्ति के विकार दूर होते हैं और लौकिक व आध्यात्मिक उन्नति होती है। कथा
को कल्पवृक्ष के समान बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके श्रवण से ज्ञान और वैराग्य जागृत
होते हैं। कार्यक्रम में संस्था के प्रधान महेश गोयल, राजेंद्र टाणु कुच्छल, तरुण गोयल,
नरेश कुमार, गौरव गोयल, विशाल गोयल, अशोक गोयल, मनीष गर्ग, अखिल कुच्छल, महेंद्र मंगला,
गजेंद्र मंगला, दिनेश कुच्छल, देवेंदर कुच्छल, निर्मल जैन, पंडित अमित शौनक, राकेश
शोनक आदि भक्तगण एवं सैंकड़ो महिलाएं उपस्थित रही।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

