कैथल: जलभराव से लेकर राशन कार्ड तक की समस्याएं लेकर पहुंचे लोग, एडीसी ने दिए समाधान के निर्देश
कैथल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। गलियों में जलभराव, राशन कार्ड कटने, किसान आईडी शुरू न होने और अधूरी सड़क का निर्माण पूरा करवाने जैसी समस्याओं को लेकर सोमवार को लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में लोग पहुंचे। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने नागरिकों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर में जनकपुरी कॉलोनी की गली नंबर सात में जलभराव की समस्या से लेकर गांव बाबालदाना के तालाब पर अतिक्रमण तक के मामले सामने आए। एडीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि शिकायतों का निपटारा निर्धारित समय में किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
जनकपुरी कॉलोनी निवासी सतपाल सिंह ने बताया कि कॉलोनी की गली नंबर सात का स्तर कहीं ऊंचा तो कहीं नीचा है। गली एकसार नहीं होने के कारण बारिश के दौरान पानी भर जाता है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इस पर एडीसी ने नगर आयुक्त और संबंधित अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं, शुगर मिल क्षेत्र निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि परिवार पहचान पत्र में आय बढ़ने के कारण उनका राशन कार्ड कट गया है। उन्होंने इस समस्या के समाधान की मांग की। एडीसी ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कैथल निवासी राजेश शर्मा ने शिकायत दी कि उन्होंने फार्मर आईडी बनवाई थी, लेकिन अभी तक यह शुरू नहीं हुई है। इस पर एडीसी ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उसका समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने या बिना उचित कारण शिकायत लंबित रखने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

