कैथल: त्योहारों पर कड़ी सुरक्षा, चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद, 16 स्थानों पर पुलिस नाके

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: त्योहारों पर कड़ी सुरक्षा, चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद, 16 स्थानों पर पुलिस नाके


कैथल, 02 नवंबर (हि.स.)। दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर कैथल पुलिस ने शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा का पहरा बढ़ा दिया है। शहर के प्रमुख बाजारों में चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है, वहीं बाजारों में प्रवेश करने वाले प्रमुख रास्तों सहित 16 स्थानों पर पुलिस नाके लगाए गए हैं। इन नाकों पर करीब 150 पुलिसकर्मी दिन-रात तैनात रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार दीपावली, धनतेरस, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, छठ पूजा और विश्वकर्मा दिवस सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है। बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ-साथ गश्त भी तेज कर दी गई है। शहर की सड़कों पर 12 पुलिस राइडर लगातार गश्त करेंगी, जबकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए डायल 112 की दो गाड़ियां बाजारों में तैनात रहेंगी। ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के साथ जेबतराशी, चोरी, चेन स्नैचिंग और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य बाजारों में चार पहिया वाहनों पर रोक

त्योहारों के दौरान बाजारों में लगने वाले जाम से बचने के लिए मुख्य बाजारों में चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद किया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों और खाली स्थानों पर ही खड़े करें। बाजारों में गलत तरीके से पार्किंग करने या यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और वाहन जब्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस द्वारा कमेटी चौक, रेलवे गेट, माता गेट, प्रताप गेट, पुराना बस स्टैंड, चंदाना गेट, डॉ. अंबेडकर चौक, डोगरा गेट, सीवन चौक, भगत सिंह चौक, कबूतर चौक और छात्रावास रोड सहित शहर के प्रमुख रास्तों पर नाकाबंदी की गई है। इन स्थानों पर पुलिसकर्मी आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखेंगे। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771213 Articles

Share this story