धान खरीद में देरी पर सख्त हुए कृषि मंत्री, ट्रांसपोर्टरों की गाड़ियों का होगा भौतिक सत्यापन

WhatsApp Channel Join Now
धान खरीद में देरी पर सख्त हुए कृषि मंत्री, ट्रांसपोर्टरों की गाड़ियों का होगा भौतिक सत्यापन


कैथल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। धान खरीद और उठान में हो रही देरी को लेकर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने सोमवार को कैथल जिले की विभिन्न अनाज मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और खरीद से लेकर उठान व भुगतान तक की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। मंत्री ने कहा कि नायब सिंह सैनी सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी फसल का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा जाएगा।कैथल विस्तार मंडी में निरीक्षण के दौरान धान के उठान में देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठा। शिकायत मिली कि संबंधित ट्रांसपोर्टर निर्धारित संख्या में गाड़ियां उपलब्ध नहीं करवा रहा, जिसके कारण मंडी से धान का उठान प्रभावित हो रहा है। इस पर कृषि मंत्री ने एसडीएम कैथल को ट्रांसपोर्टरों की ओर से उपलब्ध करवाई गई गाड़ियों का भौतिक सत्यापन करने और वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। वहीं, गेट पास काटने में नेटवर्क की समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को नेटवर्क की गति बढ़ाने को कहा, ताकि खरीद और उठान की प्रक्रिया बाधित न हो। मंत्री ने ढांड, पूंडरी, पाई, राजौंद, कलायत, कैथल और अन्य मंडियों का निरीक्षण कर किसानों व आढ़तियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों के अनुरूप 17 प्रतिशत नमी वाली धान की तत्काल खरीद की जाए। फसल की बोली लगने के बाद बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा गेट पास काटने के लिए पर्याप्त स्टाफ तैनात किया जाए। साथ ही मंडियों में साफ-सफाई बनाए रखने और रिकॉर्ड रजिस्टर अपडेट रखने के निर्देश भी दिए।राजौंद और कलायत अनाज मंडियों में किसानों व आढ़तियों ने खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए एक अतिरिक्त खरीद एजेंसी तैनात करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि एक ही एजेंसी द्वारा खरीद किए जाने से प्रक्रिया में समय लग रहा है। मंत्री ने मंडियों में खरीद व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। मंत्री ने बेमौसमी बारिश की आशंका को देखते हुए किसानों, आढ़तियों और राइस मिल संचालकों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौसम साफ होते ही मंडियों में पहले से पड़े धान का उठान तेजी से करवाया जाए, ताकि नई फसल के लिए जगह उपलब्ध हो सके। विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की उपज की खरीद सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडियों में खरीद से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी होनी चाहिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story