कैथल: 19 आढ़तियों को नोटिस, 11 के लाइसेंस निलंबित, छह दिन से खरीद का इंतजार कर रहे किसान

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: 19 आढ़तियों को नोटिस, 11 के लाइसेंस निलंबित, छह दिन से खरीद का इंतजार कर रहे किसान


कैथल, 29 अक्टूबर (हि.स.)। धान की बंपर आवक के बीच कैथल की अनाज मंडियों में व्यवस्था जवाब देने लगी है। नई और अतिरिक्त अनाज मंडी में जगह कम पड़ने से धान की ढेरियां सड़कों तक पहुंच गई हैं। पीआर और बारीक धान की एक साथ आवक ने परेशानी और बढ़ा दी है। कहीं रास्ते बंद हैं तो कहीं धान से भरी गाड़ियां जाम में फंसी हैं। मंडी से बाहर निकलने में ही डेढ़ से दो घंटे लग रहे हैं। इसका असर खरीद और उठान पर पड़ रहा है, जबकि कई किसान पांच से छह दिन से अपनी फसल बिकने का इंतजार कर रहे हैं।मंडियों में जगह नहीं बचने के कारण आढ़तियों को बारीक धान निजी स्थानों पर उतरवाना पड़ रहा है। मौसम में बदलाव और बारिश की आशंका ने किसानों व आढ़तियों की चिंता बढ़ा दी है। खुले में पड़ी फसल पर बारिश हुई तो नुकसान की आशंका है। दूसरी ओर, मंडियों में सड़क पर धान डालने के मामले में मार्केट कमेटी ने कार्रवाई तेज कर दी है। 19 आढ़तियों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि 11 के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं।नई और अतिरिक्त अनाज मंडी में हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर तक सड़क पर धान डाला गया है। रास्ते बाधित होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र ढुल ने वीरवार को सुपरवाइजरों के साथ दोनों मंडियों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों पर धान की ढेरियां मिलीं। सचिव ने सड़क पर धान डालने के मामले में 19 आढ़तियों को नोटिस दिए और 11 के लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई की। अब तक ऐसे मामलों में 69 आढ़तियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।अतिरिक्त अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान रघुबीर मलिक ने कहा कि मंडी में जाम के कारण कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बारीक धान को मंडी से बाहर ट्रांसपोर्ट नगर में उतरवाने के लिए जगह उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में डीसी से मिलने के लिए कार्यालय में संपर्क किया गया, लेकिन समय नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि जगह की कमी के चलते आढ़तियों को मजबूरी में निजी स्थानों पर धान उतरवाना पड़ रहा है। यदि मौसम खराब हुआ तो खुले में पड़ी फसल को नुकसान हो सकता है, जिसकी चिंता किसानों और आढ़तियों दोनों को सता रही है।मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र ढुल ने बताया कि पीआर और बारीक धान की आवक एक साथ होने से मंडियों में ढेरियां बढ़ गई हैं। खरीद और उठान का काम जारी है। मंडियों में जाम की स्थिति को देखते हुए शनिवार को खरीद बंद रखने के संबंध में फैसला लिया जाएगा। वहीं, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक वरिंद्र सिंह के अनुसार जिले की मंडियों से अब तक पांच लाख मीट्रिक टन से अधिक धान का उठान हो चुका है। विभाग का कहना है कि उठान जारी है, लेकिन मंडियों में धान की बढ़ती आवक के बीच किसानों को खरीद के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में मंडियों से जाम हटाना, उठान तेज करना और खुले में पड़ी फसल को मौसम की मार से बचाना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story