बॉक्सिंग में कैथल की बेटियों का दबदबा, अंडर-17 और अंडर-19 में बनीं ओवरऑल चैंपियन

WhatsApp Channel Join Now
बॉक्सिंग में कैथल की बेटियों का दबदबा, अंडर-17 और अंडर-19 में बनीं ओवरऑल चैंपियन


कैथल, 21 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा स्कूल स्टेट गेम्स के तहत आयोजित 59वीं बॉक्सिंग स्टेट चैंपियनशिप में कैथल के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम प्रदेशभर में रोशन किया। प्रतियोगिता में कैथल की लड़कियों ने अंडर-17 और अंडर-19 दोनों आयु वर्गों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।कैथल के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 10 स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किए। दो आयु वर्गों में ओवरऑल चैंपियन बनने की उपलब्धि से खिलाड़ियों, कोचों और खेल विभाग में खुशी का माहौल रहा। विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद नवीन जिंदल के कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि कैथल के खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।टीम की इस उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बॉक्सिंग कोच विक्रम, अमरजीत और संदीप के साथ जूडो कोच रमेश चहल तथा सहायक शिक्षा अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story