कैथल में नशा सप्लायर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल में नशा सप्लायर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार


कैथल में नशा सप्लायर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 296 किलो 255 ग्राम डोडापोस्त की तस्करी के मामले में फरार चल रहा सहआरोपी, 269 ग्राम हेरोइन और 125 ग्राम अफीम की बरामदगी के मामले में सप्लायर तथा 20 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया आरोपी शामिल है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के जरिए नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

डोडापोस्त तस्करी का मामला 18 नवंबर 2025 का है। उस समय एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने खनौरी बाइपास के अंडरब्रिज के पास नाकाबंदी की थी। पुलिस ने एक गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी भगा दी। अंबेडकर चौक के पास गाड़ी तंग गली में फंसने पर उसमें सवार दो व्यक्ति उतरकर भागने लगे। पुलिस ने एक आरोपी सुखविंद्र उर्फ काला को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया था। गाड़ी की तलाशी में 15 कट्टों से 296 किलो 255 ग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ था।

पूछताछ में फरार आरोपी की पहचान पंजाब के पटियाला जिले के गांव मरोड़ी निवासी नारंग उर्फ रंगा के रूप में हुई। वह दूसरे मामले में राजस्थान की शाहपुर जेल में बंद था। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर अदालत से पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। दूसरे मामले में सीआईए कलायत की टीम ने अफगान पट्टी, कैथल निवासी प्रगट सिंह को गिरफ्तार किया है। 27 जुलाई को अंबाला-खुराना रोड स्थित ड्रेन पर पुलिस ने बाइक सवार अनिल कुमार को पकड़ा था। उसके कब्जे से 269 ग्राम हेरोइन और 125 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। पूछताछ में अनिल ने नशीला पदार्थ प्रगट सिंह से मिलने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

तीसरे मामले में सीआईए-1 की टीम ने खनौरी बाइपास स्थित ड्रेन पुल, शीला बाइपास के पास नाकाबंदी कर कलायत के वार्ड नंबर दो निवासी गौरव को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह बाइक पर हेरोइन बेचने के लिए जा रहा है। मौके पर पहुंचे डीएसपी मुख्यालय बीर भान की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थाना शहर में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को अदालत से चार दिन के रिमांड पर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769065 Articles

Share this story