कैथल: आठ माह में नशा तस्करी के 153 मामले, 235 आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 06 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ कैथल पुलिस की कार्रवाई का असर अब गांवों तक दिखाई देने लगा है। वर्ष 2026 के पहले आठ महीनों में पुलिस ने नशा तस्करी के 153 मामले दर्ज कर 235 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने तीन हजार किलो से अधिक डोडा पोस्त सहित भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। वहीं, ग्रामीणों और ग्राम पंचायतों के सहयोग से जिले के 254 गांव नशामुक्त श्रेणी में दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से 3050 किलो 760 ग्राम डोडा पोस्त, 144 किलो 381 ग्राम चूरा पोस्त, 157 किलो 738 ग्राम गांजा, 16 किलो 51 ग्राम अफीम, सात किलो 30 ग्राम चरस और एक किलो 768 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा 15 किलो 130 ग्राम अफीम के पौधे, 7183 नशीली गोलियां, 348 नशीले इंजेक्शन तथा नशीली गोलियों का तीन किलो 206 ग्राम घोल भी जब्त किया गया है।
इन 153 मामलों में 34 मामले कामर्शियल क्वांटिटी के हैं, जिनमें पुलिस ने 60 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि नशामुक्त घोषित गांवों में भी लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि नशे की बिक्री और सप्लाई दोबारा पैर न पसार सके।
तस्करों की संपत्ति पर भी चला कार्रवाई का डंडा
नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर भी पुलिस और जिला प्रशासन ने शिकंजा कसा है। वर्ष 2026 में पांच आदतन नशा तस्करों की करीब 84 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज करवाई गई। इनमें गांव खरकां निवासी बीरो देवी, उसके पति मालक राम और पुत्र रवि तथा सजुमा रोड कलायत निवासी राजेश और उसका भाई विकास शामिल हैं। इसके अलावा पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत खरकां निवासी आदतन नशा तस्कर मालक राम को एक वर्ष के लिए जिला जेल में डिटेन करवाया गया है। वहीं, 28 जुलाई को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सिरटा रोड कैथल पर तीन नशा तस्करों द्वारा कथित तौर पर अवैध रूप से बनाए गए मकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया था।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि आसपास नशे की बिक्री या सप्लाई की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

