कैथल: समाधान शिविर में डीसी ने देरी से पहुंचने वाले अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: समाधान शिविर में डीसी ने देरी से पहुंचने वाले अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार


कैथल, 23 अप्रैल (हि.स.)। लघु सचिवालय में गुरुवार को आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त अपराजिता ने आमजन की शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। शिविर में देरी से पहुंचने वाले अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में समय की पाबंदी सुनिश्चित करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

डीसी ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है, इसलिए प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने लंबित शिकायतों पर भी सख्त संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को तय समयसीमा में समाधान करने के निर्देश दिए।

शिविर में शहर में बेसहारा पशुओं, विशेषकर आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या प्रमुख रूप से सामने आई। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इनकी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। इस पर डीसी ने नगर परिषद के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा अवैध अतिक्रमण की शिकायतें भी सामने आईं। डीसी ने डीएमसी को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए।

वहीं, वार्ड नंबर 22 की दर्शना देवी ने वर्ष 2005 से मिल रही विधवा पेंशन बंद होने की शिकायत रखी। इस पर डीसी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तुरंत जांच कर नियमानुसार पेंशन बहाल करने के निर्देश दिए।

डीसी अपराजिता ने दोहराया कि जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रहा है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story