कैथल: नहर में डूबे युवक की मौत पर हत्या का आरोप, परिजनाें ने किया थाने पर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: नहर में डूबे युवक की मौत पर हत्या का आरोप, परिजनाें ने किया थाने पर प्रदर्शन


कैथल, 24 अगस्त (हि.स.)। सीवन क्षेत्र के मलिकपुर हेड पर नहर में डूबने से हुई 21 वर्षीय युवक की मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मृतक के परिजनों ने उसके साथ नहर पर गए युवकों पर उसे साजिश के तहत डुबोकर मारने का आरोप लगाया है। परिजनाें ने साेमवार काे सीवन पुलिस स्टेशन पर प्रदर्शन किया। इसके चलते शिकायत मिलने के बाद सीवन थाना पुलिस ने तीन युवकों को नामजद करते हुए कुल सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना 16 अगस्त की शाम की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार आकाश शाम करीब छह बजे अपने दोस्तों के साथ मलिकपुर हेड स्थित नहर पर नहाने गया था। इसी दौरान उसके नहर में डूबने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। आकाश को नहर से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करवाया गया था, रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबने से दम घुटना बताया गया है और विसरा जांच के लिए भेजा गया था। उस समय मामले को हादसा माना जा रहा था, लेकिन बाद में परिजनों ने आकाश के साथ गए युवकों पर संदेह जताते हुए पुलिस को शिकायत दी। मृतक के चाचा राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आकाश को नहर में नहाते समय उसके साथ मौजूद युवकों ने साजिश के तहत डुबोकर मार दिया। शिकायत में अनमोल, वंश और तनिष्क के नाम दिए गए हैं। इसके अलावा 3-4 अन्य युवकों के भी वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद समेत सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार को भी मृतक के परिजन सीवन थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीवन थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि मृतक के चाचा की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के साथ शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story