कैथल: अमेरिका भेजने के नाम पर 37 लाख की ठगी

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। अमेरिका भेजने का झांसा देकर 37 लाख रुपये की ठगी करने और रकम वापस मांगने पर पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। गांव काैलेखां निवासी एक युवक नरेश की शिकायत पर कलायत थाना पुलिस ने लुधियाना जिले के गांव साहनेवाल निवासी कुलविंद्र सिंह, उसके पिता हरबंस सिंह और पत्नी जसप्रीत कौर के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, युवक को अमेरिका भेजने के लिए 55 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था, लेकिन आरोपियों ने उससे 37 लाख रुपये लेने के बाद भी विदेश नहीं भेजा। रकम वापस करने के लिए दिए गए चेक भी खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण बाउंस हो गए।

पुलिस को दी शिकायत में नरेश ने बताया कि वह अमेरिका जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात कलायत में कुलविंदर सिंह से हुई। आरोप है कि कुलविंद्र ने उसे विदेश भेजने का भरोसा दिलाया और इसके लिए 55 लाख रुपये में सौदा तय किया। समझौते के अनुसार, 35 लाख रुपये पहले देने थे, जबकि शेष 20 लाख रुपये अमेरिका पहुंचने के बाद देने की बात हुई थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार 21 दिसंबर 2023 को उसने कैथल शुगर मिल के पास स्थित एक कार्यालय में कुलविंद्र सिंह और उसकी पत्नी जसप्रीत कौर को 16.50 लाख रुपये नकद दिए। अगले दिन नरवाना में 10.50 लाख रुपये और 23 दिसंबर को सात लाख रुपये नकद दिए। इसके अलावा एक लाख रुपये फोन-पे के माध्यम से ट्रांसफर किए गए। नरेश का आरोप है कि एक जनवरी 2024 को कुलविंदर सिंह ने डॉलर में बदलने के नाम पर दो लाख रुपये और मांगे। यह रकम भी उसके बताए बैंक खाते में भेज दी गई। इस तरह शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों को कुल 37 लाख रुपये दिए गए। इसके बावजूद काफी समय तक उसे अमेरिका भेजने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई।

जब विदेश भेजने का काम नहीं हुआ तो नरेश ने अपनी रकम वापस मांगी। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पैसे लौटाने का आश्वासन दिया और ढाई-ढाई लाख रुपये के दो चेक दिए। हालांकि, खातों में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण दोनों चेकों का भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद भी शिकायतकर्ता को उसकी पूरी रकम वापस नहीं मिली।

नरेश ने मामले की शिकायत कैथल की आर्थिक अपराध शाखा में दी थी। शिकायत के अनुसार, 12 जनवरी 2026 को कुलविंद्र सिंह जांच के सिलसिले में पेश हुआ और एक महीने में रकम लौटाने का समय मांगा। आरोप है कि उसने बाद में दो बार 25-25 हजार रुपये लौटाए, लेकिन बाकी रकम नहीं दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब वह पैसे मांगने के लिए सानेवाल स्थित आरोपियों के घर पहुंचा तो कुलविंद्र सिंह ने उसे पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने उसके और उसके परिवार के साथ अनहोनी करने की धमकी भी दी। नरेश ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने बदमाशों से संबंध होने की बात कहकर उसे डराया। कलायत थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर कुलविंद्र सिंह, हरबंस सिंह और जसप्रीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई सुभाष को सौंपी गई है। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story