पलवल:शादी की खुशियां मातम में बदली,थार की चपेट में आकर युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पलवल:शादी की खुशियां मातम में बदली,थार की चपेट में आकर युवक की मौत


पलवल, 29 नवंबर (हि.स.)। पलवल के राष्ट्रीय राजमार्ग -19 स्थित दीप फार्म हाउस में शादी समारोह के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। समारोह में खड़ी भीड़ के बीच एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने राजस्थान के निवासी युवक को कुचल दिया। गदपुरी थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना शुक्रवार देर रात की है। मृतक भूपेंद्र शर्मा, निवासी केशवपुरा हिंडोन सिटी, करौली (राजस्थान), अपने रिश्तेदार की शादी में दीप फार्म हाउस आया हुआ था। शिकायत के अनुसार, समारोह के दौरान एक काले रंग की थार गाड़ी का ड्राइवर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी को बैक करते हुए आया और भूपेंद्र को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह जमीन पर गिर गया और गाड़ी के नीचे गंभीर रूप से कुचल गया।

गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र को तुरंत फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए फरीदाबाद के सरकारी अस्पताल भिजवा दिया। मृतक के भाई विजय कुमार शर्मा ने बताया कि थार गाड़ी फरीदाबाद सेक्टर-58 निवासी गौरव चौधरी चला रहा था। शिकायत के आधार पर गदपुरी थाना पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। गदपुरी थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमॉर्टम बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस थार चालक गौरव चौधरी की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story