नूंह में अवैध खनन के लगे दो ट्रैक्टर बरामद

WhatsApp Channel Join Now
नूंह में अवैध खनन के लगे दो ट्रैक्टर बरामद


नूंह, 23 नवंबर (हि.स.)। नूंह जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए नूंह पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को कामयाबी मिली है। एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) और माइनिंग स्टाफ की संयुक्त टीम ने रात्रि चेकिंग अभियान के दौरान अवैध खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित थानों में खड़ा करा दिया है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

नूंह पुलिस के अनुसार रविवार 22 नवंबर की रात को एवीटी और माइनिंग स्टाफ की टीम ने जिले में अवैध खनन की रोकथाम के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान थाना सदर तावडू क्षेत्र के गांव चीला में एक ट्रैक्टर अवैध खनन में संलिप्त पाया गया। टीम ने मौके पर ही ट्रैक्टर को जब्त कर थाना सदर तावडू में जमा करा दिया। इसी अभियान के तहत थाना पिनगवां क्षेत्र के गांव शाह चोखा में भी अवैध खनन में संलिप्त एक अन्य ट्रैक्टर पकड़ा गया। उसे जब्त कर थाना पिनगवां में खड़ा कराया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय हैं। अवैध खनन को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा इस पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781807 Articles

Share this story