आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव ने किया एनआईए का निरीक्षण
चंडीगढ़, 23 जुलाई (हि.स.)। आयुष मंत्रालय भारत सरकार की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास (आईएफएस) ने राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूला का निरीक्षण किया। संस्थान में पहुंचने पर डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी और डीएमएस डॉ. गौरव गर्ग ने संयुक्त सचिव का स्वागत किया। संयुक्त सचिव ने चिकित्सा सुविधाओं, शैक्षणिक खंड सहित ओपीडी और आईपीडी का मुआयना किया। उन्होंने संस्थान में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा अनुसंधान गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी ने संयुक्त सचिव मोनालिसा दास को अवगत कराया कि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान पंचकूला में प्रतिदिन 500 से ज्यादा मरीज ओपीडी के माध्यम से परामर्श एवं उपचार प्राप्त कर रहे हैं। पंचकर्म सहित विभिन्न विशेषज्ञ आयुर्वेदिक उपचारों के साथ-साथ आधुनिक प्रयोगशाला जांच सुविधाएं भी मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय के मार्गदर्शन में संस्थान आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तथा शोध आधारित चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
मोनालिसा दास ने संस्थान की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, चिकित्सा सेवाओं और रोगी सुविधा केंद्रित कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के प्रति लोगों का बढ़ता विश्वास इस बात का प्रमाण है कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने संस्थान के चिकित्सकों और अधिकारियों से उपचार सेवाओं की गुणवत्ता तथा अनुसंधान गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव ने पंजीकरण इकाई, फार्मेसी, बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), आंतरिक रोगी विभाग (आईपीडी), पंचकर्म विभाग तथा अत्याधुनिक केंद्रीय प्रयोगशाला का अवलोकन किया। उन्होंने आईपीडी भर्ती मरीजों से भी संवाद किया। उन्होंने सुझाव दिया कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार की रूपरेखा तैयार की जाए। संस्थान में उपचार के बार स्वस्थ हुए मरीजों के अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया जाए, ताकि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़े।
इस अवसर पर डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व, प्रोफेसर प्रह्लाद रघु, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनूप एम, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. समित मसंद, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनीष पमनानी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रितेश, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गरिमा गुप्ता, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आकांक्षा राणा, असिस्टेंट प्रोफेसर पूजा हसन जी, असिस्टेंट प्रोफेसर धवल जी मकवाना, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनुराग कुशल, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दुष्यंत परमार, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंकिता नेगी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मैत्रेयी, मेडिकल आफिसर डॉ. मानसी ग्रेवाल, मेडिकल आफिसर शीन्सा पी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. महेश एम और असिस्टेंट प्रोफेसर चंद्रमोहन प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

