कैथल: एचकेआरएन में नौकरी का झांसा देकर 4.57 लाख ठगे, आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 14 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 14 लोगों से चार लाख 57 हजार 450 रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव जाखौली निवासी संजू कुमार के रूप में हुई है। आरोपी पहले से एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में कैथल जेल में बंद था, जिसे पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया।
नंदकरण माजरा निवासी नरेश कुमार ने शिकायत दी थी कि वर्ष 2018 में राजौंद अस्पताल में नौकरी के दौरान उसकी जान-पहचान संजू कुमार से हुई थी। संजू ने बड़े अधिकारियों से अपनी जान-पहचान होने का दावा करते हुए नरेश के रिश्तेदारों को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया।
शिकायत के मुताबिक 27 दिसंबर 2025 को संजू ने नरेश से संपर्क किया और प्रत्येक उम्मीदवार के लिए 31 हजार 675 रुपये मांगे। उसकी बातों पर विश्वास करके नरेश ने अपने 14 रिश्तेदारों की नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग तारीखों में गूगल-पे के जरिए आरोपी के खाते में कुल चार लाख 57 हजार 450 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
आरोपी ने सभी उम्मीदवारों की सात जनवरी 2026 को नौकरी लगने का दावा किया। उसी दिन उसने नरेश के वाट्सऐप पर ज्वाइनिंग लेटर भी भेजे। जांच में ये ज्वाइनिंग लेटर फर्जी पाए गए। इसके बाद न तो किसी की नौकरी लगी और न ही आरोपी ने रकम वापस की। पैसे मांगने पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के आधार पर थाना राजौंद में केस दर्ज किया गया। मामले की जांच आर्थिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एसआई बिजेंद्र सिंह की टीम कर रही थी। आरोपी पहले से कैथल जेल में बंद था। पुलिस ने अदालत के आदेश पर उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

