सिरसा: लोकतांत्रिक तरीके से हासिल करेंगे न्याय: अजय चौटाला

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: लोकतांत्रिक तरीके से हासिल करेंगे न्याय: अजय चौटाला


सिरसा, 24 अप्रैल (हि.स.)। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के साथ हिसार में हुए दुव्र्यवहार प्रकरण में न्यायालय ने दुष्यंत चौटाला की याचिका स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि इससे न्याय की उम्मीद काफी बढ़ गई है। अजय चौटाला शुक्रवार को सिरसा में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। चौटाला ने बताया कि 27 अप्रैल को हिसार के क्रांतिमान पार्क में प्रस्तावित छात्र महापंचायत में केवल इनसो नहीं बल्कि प्रदेशभर के सभी छात्र संगठनों के साथ-साथ विभिन्न खाप पंचायतों के प्रतिनिधि व राजनीतिक पार्टियों के नेता भी शामिल होंगे।

अजय चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से जेजेपी को बदनाम करने के उद्देश्य से ही यह षड्यंत्र रचा गया। सीधे स्पष्ट रूप से सरकार हर कदम पर इस षड्यंत्र में शामिल थी। उन्होंने कहा कि पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाकर सरकार ने ऐसे षड्यंत्र की रचना की, मगर पार्टी किसी भी अन्याय के आगे नहीं झुकेगी और लोकतांत्रिक तरीके व न्यायालय के माध्यम से न्याय हासिल करेगी।

दिग्विजय चौटाला ने सरकार को घेरते हुए बीती 16 अप्रैल को हुए घटनाक्रम को पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ हिसार स्थित गुजवि में हो रहे अन्याय को लेकर वे ज्ञापन सौंपने गए थे, मगर शासन की ओर से नाजायज तरीके से केस बनाए गए जो निंदनीय है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जिन सात कार्यकर्ताओं को रात ढाई बजे उठाया, उनमें से छह के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं था, जिससे प्रमाणित होता है कि शासन जान बूझकर पार्टी को बदनाम करने के लिए झूठे षड्यंत्र रच रहाहै।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story