जींद : शहरों में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकता : डा. कृष्ण मिड्ढा
जींद, 31 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा है कि प्रदेश सरकार द्वारा शहरी क्षेत्रों के समग्र, संतुलित एवं योजनाबद्ध विकास के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि शहरों में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण हो, नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध हो तथा विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा मंगलवार काे भारत नगर एवं इम्पलॉयज कॉलोनी क्षेत्र में आयोजित जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों को पांच अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जींद में आयोजित होने वाली धन्यवाद एवं विकास रैली में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे थे। इस अवसर पर डा. मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने बताया कि जींद सहित पूरे क्षेत्र में सड़कों का सुदृढ़ीकरण, पेयजल व्यवस्था का विस्तार, सीवरेज सिस्टम का सुधार, सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाना तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंच कर मुख्यमंत्री के विचारों को सुनें तथा क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह रैली केवल एक कार्यक्रम नही बल्कि विकास के प्रति जनभागीदारी का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
डा. मिड्ढा ने कहा कि प्रस्तावित रैली के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा जींद क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की घोषणा की जाएगी। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और शहर के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से आमजन को सीधा लाभ पहुंचेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य करते हुए हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। शहरी विकास के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान पर भी समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है ताकि प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। डिप्टी स्पीकर ने अंत में पुन: सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे पांच अप्रैल को आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में अधिकाधिक संख्या में पहुंच कर कार्यक्रम को सफल बनाएं तथा प्रदेश के विकास की इस यात्रा में सहभागी बनें। इस अवसर पर विभिन्न विभागो के अधिकारी एवं शहरवासी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

