जींद : नागरिक अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड व मरीज व तीमारदार के बीच मारपीट

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नागरिक अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड व मरीज व तीमारदार के बीच मारपीट


जींद, 26 नवंबर (हि.स.)। नागरिक अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और व्यवस्था संभालने वाले सिक्योरिटी गार्ड और मरीज के तीमारदारों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। नई बिल्डिंग में कमरा नंबर 22 के पास मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

गुरुवार को कंडेला निवासी कौशल्या अपनी पुत्रवधु का सिटी स्कैन करवाने के लिए आई थी। उनके साथ अंकित और एक युवक भी था। कौशल्या भाजपा की महिला मोर्चा की पिंडारा मंडल अध्यक्ष है। जैसे ही वह डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. राजेश भोला के फाइल पर साइन करवाने पहुंचे तो तीमारदाराें में से एक युवक फोन पर बात कर रहा था। इस पर गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड अमित ने उसे फोन पर बात बाद में करने के लिए कहा।

इसके बाद तीमारदार ने मना कर दिया और वह कमरे में घुस गया। बस इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनातनी हो गई और कुछ ही देर बाद हाथापाई शुरू हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों का बीच-बचाव किया। सिक्योरिटी गार्ड अमित ने डायल 112 को सूचना दी और कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। महिला ने आरोप लगाया है कि जब कमरा नंबर 22 में गई तो उसे वहां से बाहर निकाल दिया। जिसे लेकर दोनों में विवाद हो गया और महिला के साथ मारपीट हो गई। जमीन पर गिरने से महिला के कंधे में चोटें आई हैं।दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है।बॉक्स

इस मामले में डिप्टी सपरिटेंडेंट डॉ. राजेश भोला ने बताया कि भाजपा के मंडल पदाधिकारी उनके पास आए थे। उन्होंने सीटी स्कैन कराने की बात कही। इस पर उन्होंने पर्ची बनवाने के लिए कहा। पर्ची लेकर आने पर उन्होंने मरीज को अंदर बुलाने के लिए कहा। इसी दौरान एक महिला कान पर फोन लगाकर अंदर आने लगी। टोकने पर उसने कहा कि उसकी ऑनलाइन मीटिंग चल रही है। इसके बाद उन्होंने सीटी स्कैन विभाग के प्रमुख को फोन कर दो स्कैन करने के लिए कह दिया। जब मरीज वार्ड ब्वाय अमित के साथ सीटी स्कैन कराने जा रहा था, तभी एचकेआरएन के फायरमैन अंकित ने उसके हाथ से पर्ची छीन ली। उन्होंने अंकित को फोन कर ऐसा नहीं करने के लिए कहा। इसके बाद अंकित और अमित के बीच हाथापाई हो गई। प्रभारी सिविल लाइन थाना मनीष कुमार ने बताया कि पक्षों दोनों की तरफ से शिकायत आई है। मामले की जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

--

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story