झज्जर के बादली में स्कूलों की जर्जर हालत पर मंत्री-विधायक हुए आमने-सामने

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में बुधवार को झज्जर जिले के बादली में सरकारी स्कूलों के मुद्दे पर विधायक कुलदीप वत्स तथा शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा आमने-सामने हो गए। दोनों ने तस्वीरों के माध्यम से एक-दूसरे के दावों को झुठलाया। इस मुद्दे पर सदन की संयुक्त समिति बनाने की मांग भी उठी लेकिन मामला दब गया।

विधानसभा में बादली के विधायक कुलदीप वत्स ने गांव तुंबाहेड़ी, सुबाना, डावला, कासनी, दादनपुर, खूंगाई, पेलपा तथा मुंडाखेड़ा गांवों में चल रहे राजकीय विद्यालय के भवन जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। कुलदीप वत्स ने विधानसभा में उक्त स्कूलों की खस्ताहाल इमारतों की तस्वीरें लहराई। कुलदीप वत्स के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि उक्त सभी गांवों की इमारतें पूरी तरह से ठीक हैं। महीपाल ढांडा ने कुलदीप वत्स के दावों को खारिज करते हुए सदन में दूसरी तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि विधायक के पास पुरानी तस्वीरें हैं। वर्तमान में सभी स्कूलों की इमारतें ठीक हालत में है। मंत्री के इस दावे पर विधायक ने आपत्ति जताई।

इसे लेकर कांग्रेस विधायकों ने हंगामा भी किया। शिक्षा मंत्री महीपाल ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश के सभी स्कूलों की मैपिंग करवाई जा रही है। कुलदीप वत्स ने अपने दावों को सही करार देते हुए कहा कि अधिकारियों की तरफ से गलत रिपोर्ट दी गई है। कुलदीप वत्स ने स्पीकर के समक्ष स्कूलों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए सदन की संयुक्त समिति बनाने की मांग भी उठाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story