हांसी में अवैध कॉलोनी की कच्ची सड़कों पर चलाई जेसीबी
पांच एकड़ में काटी जा रही थी अवैध कालोनी
हिसार, 27 फरवरी (हि.स.)। जिला योजनाकार विभाग
की ओर से हांसी शहर में अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को ढाणी राजू रोड पर एक अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई करते
हुए यहां अवैध रूप से पांच एकड़ क्षेत्र में काटी जा रही कालोनी में बनाई जा रही कच्ची
सड़कों को उखाड़ दिया।
योजनाकार विभाग की यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट
सत्यवान (सहायक निबंधक सहकारी समिति) की निगरानी में हुई। इस दौरान जिला नगर योजनाकार
विभाग (डीटीपी) अधिकारी दिनेश कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी सपना और प्रवर्तन पुलिस की
टीम मौके पर मौजूद थी। इस दौरान प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की मदद से कॉलोनी में अवैध
रूप से बनाई गई कच्ची सड़कों और प्लॉटिंग नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के
अनुसार, यह कॉलोनी बिना वैध स्वीकृति के विकसित की जा रही थी, जो शहरी नियोजन नियमों
का उल्लंघन है।
डीटीपी दिनेश कुमार ने बताया कि शहर के विभिन्न
क्षेत्रों में पहले भी अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत कॉलोनियों पर कार्रवाई की जा चुकी
है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे किसी भी निर्माण को
बख्शा नहीं जाएगा।
डीटीपी दिनेश सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते
हुए कहा कि किसी भी भूखंड की खरीद से पहले हिसार जिला नगर योजनाकार कार्यालय से उसकी
वैधता की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में कानूनी विवाद और आर्थिक नुकसान से बचा
जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

