हिसार : कॉलेज की फीस के लिए जरूरतमंद छात्रा को एसजीपीसी ने दी 40 हजार की सहायता
वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुजीत सिंह विर्क के प्रयासों से जसविंदर कौर को मिला आर्थिक
सहयोग
जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई में मदद कर रही कमेटी : सुखविंदर सिंह
हिसार, 11 नवंबर (हि.स.)। आर्थिक अभाव के कारण किसी जरूरतमंद विद्यार्थी की
पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी), श्री अमृतसर
साहिब की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसी कड़ी में कॉलेज में पढ़ाई कर रही
जरूरतमंद छात्रा जसविंदर कौर पुत्री बीबी हरप्रीत कौर की फीस के लिए 40 हजार रुपये
की सहायता दी गई है। एसजीपीसी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार रघुजीत सिंह विर्क के प्रयासों
से यह राशि उपलब्ध करवाई गई।
हरियाणा सिख मिशन, कुरुक्षेत्र के एसजीपीसी प्रभारी सरदार सुखविंदर सिंह ने
बुधवार काे बताया कि कमेटी की ओर से स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों
को समय-समय पर आर्थिक सहयोग दिया जाता है, ताकि आर्थिक तंगी उनकी शिक्षा में बाधा न
बने। इसी उद्देश्य से छात्रा जसविंदर कौर के लिए 40 हजार रुपये का चेक भेजा गया। यह
चेक एसजीपीसी सदस्य बीबी अमरजीत कौर बाड़ा के नेतृत्व में सरदार सुखसागर सिंह और शिरोमणि
अकाली दल हरियाणा की कोर कमेटी के सदस्य सरदार हरपाल सिंह अहरवां के सहयोग से छात्रा
को प्रदान किया गया।
सरदार सुखविंदर सिंह ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और आर्थिक
अभाव के कारण किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई नहीं छूटनी चाहिए। इस अवसर पर सरदार सुखविंदर सिंह टोहाना, पूर्व जिला प्रधान फतेहाबाद, सरदार
काका सिंह लद्धूवास, सदस्य हरियाणा कमेटी एवं जिला प्रधान शिरोमणि अकाली दल फतेहाबाद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

