जापान व सिंगापुर के बाद अब रिपब्लिक ऑफ कोरिया की कंपनियों पर हरियाणा का फोकस

WhatsApp Channel Join Now

अलग अलग देशों की नामचीन कंपनियों को हरियाणा में लाने की तैयारी

जापान से करीब 3900 करोड़ तो सिंगापुर से 5500 करोड़ का निवेश

19 अक्टूबर से शुरू होगा विदेश दौरा

चंडीगढ़, 12 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार द्वारा जापान व सिंगापुर की कंपनियों को हरियाणा में लाए जाने के बाद अब राज्य सरकार का फोकस रिपब्लिक ऑफ कोरिया की कंपनियों पर हो गया है। सरकार अब इस दिशा में आगे बढ़ेगी।

हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने सोमवार को चंडीगढ़ में बताया कि 10 नई इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप विकसित करने की सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इसके पीछे उद्देश्य केवल औद्योगिक क्षेत्र बढ़ाना नहीं, बल्कि उद्योगों के साथ रोजगार के नए अवसरों का बड़ा आधार तैयार करना है।

इसी रणनीति के तहत वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी विदेशी दौरों में साथ लेकर जा रहे हैं, ताकि दुनिया के बड़े निवेशकों और औद्योगिक समूहों के सामने हरियाणा की संभावनाओं को सीधे रखा जा सके और प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश लाया जा सके।

निवेश आकर्षित करने के इस अभियान के तहत जापान और सिंगापुर के दौरे किए गए। जापान से करीब 3,900 करोड़ रुपये और सिंगापुर से करीब 5,500 करोड़ रुपये का निवेश जुटाने में सफलता मिली। राव नरबीर सिंह की कोशिश है कि इस निवेश का लाभ केवल पूंजी के रूप में न रहे, बल्कि इसके जरिए हरियाणा में नए औद्योगिक प्रतिष्ठान स्थापित हों और बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा हों। सिंगापुर दौरे के दौरान उन्होंने हरियाणा और पंजाब मूल के उद्योगपतियों से भी संवाद किया तथा उन्हें हरियाणा में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उनका जोर इस बात पर रहा कि देश-विदेश में स्थापित हरियाणा मूल के उद्यमी अपने प्रदेश में उद्योग स्थापित करने और रोजगार सृजन में भागीदार बनें।

औद्योगिक विस्तार की इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब वे 19 से 22 अक्तूबर तक रिपब्लिक ऑफ कोरिया के दौरे की तैयारी है। दक्षिण कोरिया की औद्योगिक क्षमता और वहां की कंपनियों के साथ संभावित निवेश एवं औद्योगिक सहयोग पर विशेष फोकस रहेगा। राव नरबीर सिंह की रणनीति में एशियाई देशों की कंपनियों को हरियाणा से जोडऩा महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनका मानना है कि वैश्विक कंपनियों के लिए हरियाणा में निवेश की संभावनाएं बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खोले जा सकते हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759647 Articles

Share this story