कैथल: 2022 में चुनाव के दौरान राजीव हत्याकांड में आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: 2022 में चुनाव के दौरान राजीव हत्याकांड में आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर


कैथल, 24 नवंबर (हि.स.)। गांव जाजनपुर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में कैथल पुलिस ने मंगलवार काे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव जाजनपुर निवासी वीरेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस दबाव के चलते आरोपी ने कैथल न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने आरोपी को अदालत से एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

डीएसपी हरदीप सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की सात टीमें लगाई गई थीं। पुलिस के लगातार दबाव के चलते आरोपी वीरेंद्र ने कैथल कोर्ट में सरेंडर कर दिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वर्ष 2022 के चुनाव के दौरान आरोपी वीरेंद्र और राजीव के बीच गाली-गलौज और विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने आरोपी को व्यापक पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आरोपी का दोबारा पुलिस रिमांड हासिल किया जा सकता है। डीएसपी ने बताया कि गांव जाजनपुर निवासी मनींद्र सिंह उर्फ जैक की शिकायत के अनुसार 22 नवंबर को वह अपने घर के बाहर गली में रखे सीमेंट के बेंच पर बैठकर अखबार पढ़ रहा था। इसी दौरान गांव निवासी राजीव कुमार मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा और उसके साथ बैठकर बातचीत करने लगा। इसके बाद दोनों अखबार पढ़ने लगे।

शिकायत के अनुसार, दोपहर करीब 12:25 बजे गांव का ही वीरेंद्र उर्फ हाण्डा मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने राजीव को धमकी देते हुए पैंट की जेब से पिस्तौल निकाली और उसके माथे पर गोली मार दी। राजीव के नीचे गिरने के बाद आरोपी ने उस पर चार और गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी हथियार सहित मोटरसाइकिल पर फरार हो गया। गोली लगने से राजीव की मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story