यमुनानगर: पैसों के लिए हत्या करने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: पैसों के लिए हत्या करने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार


यमुनानगर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के जयधर गांव के खेतों में 30 सितंबर को मिले इरफान के शव के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा-1 की टीम ने आरोपी राकेश कुमार को दादूपुर हेड रोड के पास से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि 30 सितंबर को जयधर गांव के खेतों में एक व्यक्ति का शव लावारिस हालत में मिला था। मृतक की पहचान चुना भट्टी, जगाधरी के पास रहने वाले इरफान के रूप में हुई थी। उसके सिर और शरीर पर चोट के गहरे निशान पाए गए थे। मामले में छछरौली थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपराध शाखाओं को जिम्मेदारी दी गई थी। अपराध शाखा-एक की टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए राकेश कुमार निवासी खारवन को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राकेश ने बताया कि वह और इरफान लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच पैसों का लेनदेन था। पुलिस का कहना है कि इसी आर्थिक विवाद को वारदात की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान हत्या की पूरी परिस्थितियों, वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका और अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story