नूंह के राजकीय मेडिकल कॉलेज में 9 अक्टूबर को लगेगा नाैकरी मेला

WhatsApp Channel Join Now
नूंह के राजकीय मेडिकल कॉलेज में 9 अक्टूबर को लगेगा नाैकरी मेला


नूंह, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 9 अक्टूबर को एसएचकेएम राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में जिला स्तरीय जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले की नोडल अधिकारी एवं एडीसी ज्योति की देखरेख में तैयारियां की जा रही हैं। हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम जॉब फेयर में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

आईटीआई नूंह के प्रिंसिपल सुधीर कुमार ने बताया कि जॉब फेयर का उद्देश्य जिले के युवाओं को औद्योगिक एवं निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जोड़ना है, ताकि उन्हें उनकी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकें। रोजगार मेले में जिले के सभी राजकीय एवं निजी आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थानों के अलावा उच्चतर शिक्षा एवं कौशल विकास संस्थानों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि जॉब फेयर में आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं अन्य उच्चतर शिक्षा प्राप्त युवा भाग ले सकेंगे। विभिन्न कंपनियों की ओर से मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, लॉजिस्टिक्स, आईटीआई ट्रेड्स, हेल्थकेयर सहित अन्य क्षेत्रों में युवाओं का उनकी योग्यता एवं कौशल के आधार पर चयन किया जाएगा। सुधीर कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय जॉब फेयर में कम से कम 600 आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा अन्य उच्चतर शिक्षा एवं तकनीकी संस्थानों से उत्तीर्ण युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है। चयन प्रक्रिया में सफल रहने वाले युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story