जींद : नागरिक अस्पताल में मरीज के साथ मारपीट के मामले को लेकर उपजा गतिरोध समाप्त
जींद, 11 नवंबर (हि.स.)। नागरिक अस्पताल में गत पांच नवंबर को मरीज के साथ मारपीट के मामले में जिला प्रशासन और हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन (एचसीएमएसए) के बीच चला आ रहा गतिरोध बुधवार को समाप्त हो गया है। पुलिस ने जिस मरीज (सम्मी) के साथ मारपीट हुई, उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं मरीज से मारपीट के आरोपित कपिल को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे जमानत मिल गई है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा चिकित्सक एसोसिएशन को आश्वासन दिया गया है कि मामले की निष्पक्षता से जांच करवाई जाएगी। चिकित्सकों द्वारा जो शिकायत दी गई है, उस पर संज्ञान लिाय जा रहा है। यदि डाक्टरों की इस मामले में कोई गलती नहीं होगी तो उनके नाम हटा दिए जाएंगे। इसी आश्वासन पर चिकित्सकों ने पुलिस और प्रशासन से संबंधित कार्य न किए जाने के अपने आह्वान को वापस ले लिया है।
हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन स्टेट जर्नल सेक्रेटरी डा. बिजेंद्र ढांडा ने बुधवार को बताया कि नागरिक अस्पताल में मरीज के साथ दुव्र्यवहार हुआ था। इस मामले में जो साक्ष्य सामने आए हैं, उसमें पता चला है कि मरीज ने ही चिकित्सक व स्टाफ के साथ दुव्र्यवहार किया। जो सिक्योरटी गार्ड सिटी स्कैन का था, उसके साथ भी मरीज ने दुव्र्यवहार किया था। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामला पूरा डीसी डा. वैशाली शर्मा व एसपी उपासना व एएसपी अमित भाटिया के सामने रखा है। सभी तथ्यों को देखते हुए पुलिस ने चिकित्सकों व स्टाफ को क्लीयर चिट दी है। मरीज के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है।
बुधवार को सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि चिकित्सक एसोसिएशन व पुलिस के बीच बातचीत हुई है। चिकित्सकों द्वारा दी गई शिकायत पर भी पुलिस संज्ञान ले रही है। पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। यदि डाक्टरों की इसमें कोई गलती नहीं होगी तो उनके नाम हटा दिए जाएंगे। मारपीट के आरोपित कपिल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से उसे जमानत मिल गई है। पुलिस हर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। किसी निर्दोष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

