हथीन विधायक ने मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज को दिया एक साल का वेतन व भत्ता

WhatsApp Channel Join Now
हथीन विधायक ने मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज को दिया एक साल का वेतन व भत्ता


नूंह, 10 नवंबर (हि.स.)। नूंह के पल्ला स्थित मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज (वक्फ) में 39 दिनों से जारी आंदोलन के बीच हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल ने कॉलेज पहुंचकर आंदोलनरत विद्यार्थियों और कर्मचारियों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं सुनी।

इस दौरान विधायक ने हरियाणा विधानसभा से मिलने वाले अपने एक साल के वेतन और भत्तों की राशि कॉलेज को देने की घोषणा की। साथ ही विधानसभा की ओर से मिलने वाली ग्रांट की राशि भी कॉलेज के लिए देने का ऐलान किया। विधायक मोहम्मद इसराइल ने कहा कि कॉलेज में पिछले 39 दिनों से धरना चल रहा है और दो विद्यार्थी हुजैफा तथा अरबाज पिछले 10 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

उन्होंने कहा कि कॉलेज के स्टाफ और विद्यार्थियों की समस्याओं एवं मांगों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के संज्ञान में मामला आने के बाद समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

विधायक ने कहा कि उन्होंने स्वयं कॉलेज पहुंचकर यहां की स्थिति और समस्याओं को देखा है। वह सभी मुद्दों को मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे। मुख्यमंत्री की कार्यशैली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी रात दो बजे भी किसी व्यक्ति के समस्या लेकर पहुंचने पर उसकी बात सुनते हैं और समाधान का प्रयास करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज का संचालन वक्फ बोर्ड ही करेगा।

इसराइल ने कहा कि हरियाणा विधानसभा से उन्हें मिलने वाला एक साल का वेतन और भत्ता वह कॉलेज के संचालन में सहयोग के लिए देंगे। इसके अलावा विधानसभा की ओर से मिलने वाली ग्रांट की राशि भी कॉलेज को उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस मौके पर हरियाणा सरकार में मेवात विकास अभिकरण के चेयरमैन और हरियाणा वक्फ बोर्ड के पूर्व सदस्य रह चुके खुर्शीद राजाका ने कॉलेज के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। वहीं, समाजसेवी बिलाल ने भी 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

इसके अलावा मेवात क्षेत्र के वर्तमान और पूर्व विधायकों से संपर्क कर उनसे भी अपने एक साल का वेतन कॉलेज के सहयोग के लिए देने की अपील करने की बात कही गई। आंदोलन के बीच विधायक और अन्य लोगों की ओर से आर्थिक सहयोग की घोषणाओं को कॉलेज के संचालन और विद्यार्थियों की मांगों के समर्थन में अहम पहल माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774734 Articles

Share this story