हिसार : साइकिलिंग पर्यावरण संरक्षण में भी उपयोगी : प्रो. नरसी राम बिश्नोई

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : साइकिलिंग पर्यावरण संरक्षण में भी उपयोगी : प्रो. नरसी राम बिश्नोई


हिसार, 25 मई (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान

एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा है कि साइकिलिंग

न केवल शारीरिक व्यायाम में अत्यंत लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रीय

अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में भी उपयोगी है। साइकिलिंग को नियमित रूप से दिनचर्या

का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के शुभारंभ

के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर सेवानिवृत जिला खेल अधिकारी डा.

बीआर गोयल, खेल निदेशालय के डीन प्रो. आशीष अग्रवाल एवं खेल निदेशक डा. एसबी लूथरा

उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि वर्तमान

में विश्व ऊर्जा के भीषण संकट के दौर से गुजर रहा है। साइकिल पर चलकर हम डीजल, पेट्रोल

व सीएनजी की उल्लेखनीय मदद कर सकते हैं। उन्होंने नियमित रूप से साइकिल पर चलने वालों

की प्रशंसा की तथा अन्य सबको भी साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खेल विभाग

की सुविधाओं तथा गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने क्रिकेट टीम से मुलाकात की तथा

आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

डा. बीआर गोयल ने साइकिलिंग की प्रशंसा की तथा

सबको साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया। डीन प्रो. आशीष अग्रवाल ने बताया कि लगभग पांच

किलोमीटर की साइकिल वाक में विद्यार्थियों, कर्मचारियों, शिक्षकों व अधिकारियों के

अतिरिक्त परिसर के बच्चों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष,

अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story