जींद : प्रधानमंत्री का लगाव हरियाणा को लेकर किसी से छुपा नही : रेखा शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
जींद : प्रधानमंत्री का लगाव हरियाणा को लेकर किसी से छुपा नही : रेखा शर्मा


जींद, 13 जुलाई (हि.स.)। राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि देशभर से जींद को हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन के लिए चुना गया है, यह हमारे लिए गौरव की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लगाव हरियाणा से बहुत है और यह किसी से छुपा नही है। प्रधानमंत्री ने हमेशा यह कहा है कि हरियाणा उनका दूसरा घर है। यहां उन्होंने छह साल बिताए हैं, जब वो मुख्यमंत्री भी नही है। बूथ लेवल की राजनीति प्रधानमंत्री ने ही सिखाई है। इसलिए उनको यहां के एक-एक कार्यकर्ता के नाम और उनके घर तक का पता है।

राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा सोमवार को पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत का वर्ष 2014 से संदेश दिया है। इसे एक मिशन मान कर लगातार काम किया जा रहा है। अब देश के प्रधानमंत्री 17 जुलाई को जींद की धरा पर आ रहे हैं तो हमारा कर्तव्य बनता है कि हम स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हरियाणा के प्रति विशेष लगाव होने के कारण वो बार-बार हरियाणा को नई-नई योजनाओं की सौगात देते हैं। चाहे वो बेटी बचाओ, बेटी पढाओ का आह्वान हो। अब हरियाणा के जींद जिला से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरूआत उसी कड़ी में है।

पहली हाइड्रोजन ट्रेन चलेगी वो जींद से चलेगी। इसके लिए जींद बहुत भाग्यशाली हैं। हम सुरक्षित एनर्जी की तरफ जा रहे हैं जो पोल्यूशन रहित है। रैली में ईको फ्रेंडली कारों से पहुंचेंगे। डीजल और पेट्रोल से कोई भी नही आएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाइड्रोजन प्लांट जींद में ही लगेगा। फिलहाल अभी शुरूआत है। हाइड्रोजन ट्रेन न तो प्रदूषण करती है और न ही महंगी है। भविष्य में पेट्रोल व डीजल वाली गाडिय़ों की जगह हाइड्रोजन, सीएनजी, बिजली, साइकिल या रिक्शा जैसी गाडिय़ां होंगी। उन्होंने बताया कि शुरू में हाइड्रोजन बाहर से आएगा लेकिन बाद में जींद में ही प्लांट लगेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल जींद बल्कि पूरे हरियाणा के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story