राजनीति वाले खेल छोड़ दें, मैं राजनीति छोड़ वापस मैदान में लौट जाएंगी : विनेश फोगाट

WhatsApp Channel Join Now
राजनीति वाले खेल छोड़ दें, मैं राजनीति छोड़ वापस मैदान में लौट जाएंगी : विनेश फोगाट


राजनीति वाले खेल छोड़ दें, मैं राजनीति छोड़ वापस मैदान में लौट जाएंगी : विनेश फोगाट


जींद, 07 जून (हि.स.)।अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने कहा कि डिप्टी स्पीकर को अपने संवैधानिक पद की गरिमा के अनुसार बयानबाजी करनी चाहिए। किसी पर व्यक्तिगत कटाक्ष उनको शोभा नहीं देता। रविवार को फोगाट जुलाना के रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढ़ा ने कहा था, विनेश को अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए। इस पर विनेश ने कहा कि डिप्टी स्पीकर को अपने संवैधानिक पद की गरिमा और हैसियत के अनुसार ही बयानबाजी करनी चाहिए, न कि किसी पर व्यक्तिगत तौर पर कटाक्ष करना चाहिए।

भाजपा नेताओं द्वारा उन्हें खेल छोड़कर राजनीति संभालने की दी जा रही नसीहत पर विनेश ने कहा, भाजपा के लोग पहले खेल खराब करना छोड़ें। जिस दिन यह राजनीति वाले खेल में दखल देना बंद कर देंगे, वह राजनीति छोड़कर वापस खेल के मैदान में चली जाएंगी। जब राजनीति वाले खेल में आकर हमारा खेल खराब कर सकते हैं, तो हम खेल वाले भी राजनीति में आकर अपनी और आने वाली पीढ़ी की जिंदगी के फैसले खुद करेंगे। विनेश फोगाट ने कहा, बहुत सारे लोग चाहते हैं कि मैं इस्तीफा दे दूं, लेकिन मैं इस्तीफा नहीं दूंगी। हम मैदान छोड़कर भागने वालों में से नहीं हैं। चाहे कुश्ती का मैट हो या राजनीति का मैदान, हम डटकर लड़ाई लड़ेंगे। अपने लोगों, अपने क्षेत्र और अपने देश के हक के लिए आखिरी सांस तक खड़ी रहूंगी।

कुश्ती और राजनीति में जातिवाद के हावी होने के सवाल पर विनेश ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एक एथलीट न तो किसी जाति का होता है और न ही किसी विशेष राज्य का। खिलाड़ी जब भी मैदान में उतरता है, तो वह सिर्फ अपने देश और तिरंगे के गौरव के लिए लड़ता है। मीडिया और समाज को भी ऐसी नकारात्मक चीजों को नजरअंदाज करना चाहिए ताकि खिलाड़ियों को खेल भावना से ही देखा जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story