हिसार के योगेश कोहली ने इंदौर में जीती अंतरराष्ट्रीय 700 एमटी टेनिस ट्रॉफी
हिसार, 03 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय सीनियर टेनिस में हिसार के खिलाड़ी
योगेश कोहली ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंदौर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय
700 एमटी टेनिस प्रतियोगिता में ट्रॉफी जीतकर उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन
किया। प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के करीब 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विश्व
चैंपियनशिप के बाद 700 एमटी ट्रॉफी को सीनियर टेनिस की प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में
शुमार किया जाता है। इस जीत के साथ योगेश कोहली ने वर्ष 2026 में अपनी 13वीं अंतरराष्ट्रीय
ट्रॉफी जीत ली है।
योगेश कोहली ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीनियर टेनिस प्रतियोगिताओं में देश-विदेश
के अनुभवी और शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। ऐसे में मुकाबले काफी चुनौतीपूर्ण होते
हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिल रही सफलताओं का असर उनकी विश्व रैंकिंग पर भी
पड़ रहा है और इसमें लगातार सुधार हो रहा है। योगेश कोहली पिछले एक दशक से अंतरराष्ट्रीय टेनिस में भारतीय प्रतिभा का प्रतिनिधित्व
कर रहे हैं। वर्ष 2016 से वह लगातार आईटीएफ मास्टर्स टेनिस सर्किट में हिस्सा लेकर
शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। निरंतर अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय
सीनियर टेनिस में अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्ष 2026 उनके करियर के यादगार वर्षों में
शामिल हो गया है। इस साल अब तक वह 13 अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफी अपने नाम कर चुके हैं।
योगेश कोहली ने अपनी सफलता का श्रेय अपने साथ खेलने वाले टेनिस खिलाड़ियों
और सहयोगियों को दिया। उन्होंने विशेष रूप से गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
विश्वविद्यालय (जीजेयू) के खिलाड़ियों के सहयोग और योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा
कि साथियों से मिलने वाला प्रोत्साहन उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
उनका लक्ष्य आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए
देश के लिए और उपलब्धियां हासिल करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

