हिसार : नर्स स्वास्थ्य सेवा की मज़बूत आधारशिला : जनरल डीपी वत्स

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : नर्स स्वास्थ्य सेवा की मज़बूत आधारशिला : जनरल डीपी वत्स


महाराजा अग्रसेन कॉलेज ऑफ नर्सिंग में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवसहिसार, 12 मई (हि.स.)। महाराजा अग्रसेन कॉलेज ऑफ नर्सिंग में ‘अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस’ के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नर्सिंग विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और सेवा भावना का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान मंगलवार काे अस्पताल के ओपीडी क्षेत्र में रंगोली, पोस्टर मेकिंग और मॉडल मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन कलाकृतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य जागरूकता और नर्सिंग पेशे की महत्ता को बखूबी दर्शाया। वहीं, कॉलेज परिसर में 'कुकिंग विद न्यूट्रीशन' प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने पोषण से भरपूर स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई और स्वस्थ खान-पान का संदेश दिया।इस समारोह में पूर्व सांसद जनरल डीपी वत्स ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ संयुक्त सचिव आरसी गुप्ता, महाविद्यालय निदेशक डॉ. अलका छाबड़ा व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।जनरल डीपी वत्स ने नर्सों को स्वास्थ्य सेवा की मज़बूत आधारशिला बताते हुए उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में एक नर्स का सेवा भाव ही मरीज के जल्दी स्वस्थ होने का मुख्य आधार होता है।प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का चयन करने के लिए निर्णायक मंडल में डॉ. सम्रता, डॉ. रोज़ और डॉ. निधि शामिल रहीं। उन्होंने बारीकी से मॉडल्स और व्यंजनों का निरीक्षण किया और विजेताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान प्राचार्या डॉ. प्रोमिला पांडे, डॉ. पूनम शर्मा, ललिता, इशिता, नीलम, आशू, आशा, अभिलाष सहित नर्सिंग स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story