पलवल में अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार; पांच मोटरसाइकिल बरामद
पलवल, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अपराध पर लगाम कसते हुए हथीन अपराध जांच शाखा की टीम ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हरियाणा और दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
अपराध जांच शाखा प्रभारी उप निरीक्षक दीपक गुलिया ने गुरूवार को बताया कि सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने हथीन बाइपास मानपुर मार्ग के समीप घेराबंदी कर नूंह जिले के घिडा गांव निवासी जावेद को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिल 22 अक्टूबर को नगला अहसानपुर निवासी आसिफ के घर के बाहर से चोरी की गई थी, जिसकी शिकायत मुंडकटी थाने में दर्ज है। पूछताछ में आरोपी जावेद ने खुलासा किया कि वह नूंह जिले के जमालगढ़ गांव निवासी अपने साथी के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस ने जावेद की निशानदेही पर एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की और तत्पश्चात छापेमारी कर उसके साथी मुबारक को कोट गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने पलवल, दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। दोनों आरोपी लंबे समय से अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय होकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही, उनसे पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

