हिसार : नई भर्ती की मांग पर बीमा कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : नई भर्ती की मांग पर बीमा कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन


हिसार, 04 फरवरी (हि.स.)। बीमा कर्मचारियों के

संगठन आल इंडिया इंश्योरेंस एंपलाइज एसोसिएशन के अह्वान पर बीमाकर्मियों ने अपनी मांगों

को लेकर शाखा कार्यालय के समक्ष जोरदार नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

किया। बुधवार काे किए विरोध प्रदर्शन में स्थानीय अर्बन एस्टेट स्थित दोनों कार्यालयों के कर्मचारियों

ने भागीदारी की। रोष प्रदर्शन की अध्यक्षता मुकेश कुमार एवं कृष्ण कुमार ने की।

कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संगठन के रोहतक

मंडल के अध्यक्ष त्रिलोक बंसल ने कहा कि वर्ष 2020 के बाद कोई नयी भर्ती नहीं हुई है,

जबकि सेवानिवृति के चलते बीमा कर्मचारियो की संख्या लगातार घटती जा रही है। आश्वासन

के बावजूद मैनेजमेंट द्वारा नई भर्ती प्रक्रिया शुरू नही की जा रही है। सरकार द्वारा

बीमा क्षेत्र में एफडीआई 100 प्रतिशत करने का कड़ा एतराज जताया गया। वक्ताओं ने कहा

कि अभी एफडीआई की सीमा 75 प्रतिशत है जबकि विदेशी निवेश प्रतिशत केवल 32.63 है। ऐसे में विदेशी निवेश की सीमा बढ़ाने

की सरकार द्वारा की जा रही जल्दबाजी सार्वजनिक बीमा कंपनी एलआईसी को कमजोर करने की

प्रक्रिया है, जिसे एलआईसी मे अटूट विश्वास रखने वाले देश के 30 करोड़ से अधिक पॉलिसी

धारक और बीमा कर्मचारी एवं अभिकर्ता कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

बीमा कर्मचारी नेता त्रिलोक बंसल ने कहा कि सरकार

द्वारा लाए नए लेबर कोर्ट ट्रेड यूनियन के अधिकारों पर हमला है। नई लेबर कोर्ट के जरिए

सरकार स्थाई नौकरी पर कुठाराघात कर रही है। यह पूंजीपत्तियों के हित में बनाए गए कानून

हैं जिनका देशभर का मजदूर-कर्मचारी वर्ग डटकर विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि एलआईसी

में नई भर्ती करने, विदेशी निवेश एवं नए लेबर कोड वापस नहीं लिए गए तो बीमा कर्मचारी

भी 12 फरवरी को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल में पूर्ण भागीदारी करेंगे। प्रदर्शन

में रोहतक मंडल के अध्यक्ष त्रिलोक बंसल, मुकेश कुमार, कृष्ण कुमार, राजेंद्र सिंह,

अंजू कपूर, रंजना, स्नेह ध्वन, प्यारे लाल, अजीत सिंह, विनोद कुमार, रीतु, वैशाली,

पूजा एवं दिनेश बंसल शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story