रोहतक: महिलाओं का अपमान करना राहुल गांधी व उनकी टीम की बन गई है फितरत: सुभाष बराला

WhatsApp Channel Join Now

भाजपा नेत्री हेमा मालिनी पर रणदीप सुरजेवाला की टिप्पणी अशोभनीय, तुरंत मांगनी चाहिए माफी

महिलाओं का अपमान करने की कांग्रेस में दी जाती है ट्रेनिंग, रोहतक पहुंचे राज्यसभा सांसद सुभाष बराला

रोहतक, 4 अप्रैल (हि.स.)।लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि अभद्र टिप्पणियां करके महिलाओं को अपमानित करना राहुल गांधी और उनकी पूरी टीम की फितरत बन गई है। बराला ने भाजपा नेत्री हेमा मालिनी पर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा की गई टिप्पणी को अशोभनीय बताते हुए कहा कि सुरजेवाला को तुरंत माफी मांगनी चाहिए। सुभाष बराला गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पिछले दिनों भी कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सुप्रिया ने भी महिला होते हुए कंगना रनौत के लिए अभद्र टिप्पणी की थी। बराला ने कहा कि राहुल गांधी और उनकी पूरी टीम का महिलाओं के प्रति कितना सम्मान है यह उनकी टिप्पणियों से झलकता है। सुभाष बराला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में राहुल गांधी, रणदीप सुरजेवाला, दिग्विजय सिंह की बात करें तो इन लोगों ने अपनी अभद्र बातों से कई बार महिलाओं को अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी कांग्रेस को भविष्य में आइना दिखाने का काम करेगी। महिलाओं पर बार-बार टिप्पणियां करना यह दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी में किस तरह से लोगों को ट्रेनिंग दी जाती है।

बराला ने कहा कि सुरजेवाला की इन हरकतों को हरियाणा की जनता माफ नहीं करेगी। लोकसभा और उसके बाद विधानसभा के चुनाव में जनता कांग्रेस को घटिया टिप्पणी का जवाब देगी राहुल गांधी के बारे में बोलते हुए बराला ने कहा कि राहुल गांधी भी बार-बार महिलाओं का अपमान करते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। देश की जनता देख रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनकी पूरी टीम को देश की जनता से, हेमामालिनी से और कंगना रनौत से माफी मांगनी चाहिए। सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा 10 की 10 लोकसभा सीटें बड़े मार्जिन से जीत रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 10 सालों में अभूतपूर्व विकास के काम हुए हैं। गरीब कल्याण की नीतियों से गरीब लोगो के चेहरों पर खुशियां आई है। महिलाओं का जीवन सरल हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार/अनिल/संजीव

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story