हिसार : खड़गे की जनसभा स्थल का शुद्धिकरण करना करोड़ों लोगों का अपमान : बजरंग गर्ग
समानता, बंधुता, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा की गारंटी देता संविधान
हिसार, 14 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता
बजरंग गर्ग ने पैदल मार्च निकालने के बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा वाले
स्थल का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से शुद्धिकरण किए जाने की कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है, बल्कि
देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली मानसिकता को दर्शाती है।
बजरंग गर्ग ने शुक्रवार काे कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, बंधुता,
सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। लोकतांत्रिक और
संवैधानिक भारत में जाति के आधार पर किसी व्यक्ति को अपवित्र या कमतर मानने वाली सोच
के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसके बैठने
या सभा करने की जगह को अपवित्र बताना सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों के विपरीत
है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि महात्मा गांधी ने जीवनभर छुआछूत और सामाजिक भेदभाव
के खिलाफ संघर्ष किया। आजादी के आंदोलन से लेकर संविधान निर्माण तक देश ने समानता और
सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करने के लिए लंबा संघर्ष किया है। ऐसे में किसी
राजनीतिक नेता की सभा स्थल का कथित तौर पर जातिगत आधार पर शुद्धिकरण करना देश की उस
लोकतांत्रिक और सामाजिक चेतना पर सवाल खड़ा करता है, जिसे मजबूत करने के लिए असंख्य
लोगों ने संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और सामाजिक न्याय की
विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध है तथा समाज में भाईचारा, समानता और आपसी सम्मान बनाए
रखने के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। इस अवसर पर अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

