एसआईआर के शेष कार्य शीघ्र पूरा करें अधिकारी व बीएलओ : रुहानी

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर के शेष कार्य शीघ्र पूरा करें अधिकारी व बीएलओ : रुहानी


नूंह, 23 सितंबर (हि.स.)। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं 80-फिरोजपुर झिरका विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की उपमंडल अधिकारी (ना.) रुहानी ने बुधवार को एसआईआर-2026 के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा को लेकर सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के साथ बैठक की। बैठक में एसआईआर-2026 के तहत अब तक किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम रुहानी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर-2026 से संबंधित सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील हैं। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों में बीएलओ के माध्यम से हियरिंग की प्रक्रिया समय पर पूरी कराई जाए। इसके साथ ही शेष बचे नोटिस संबंधित मतदाताओं तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

एसडीएम ने कहा कि एसआईआर-2026 के दौरान यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे बीएलओ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में एसआईआर से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करवाएं।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। बैठक में एसआईआर-2026 के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story