सिरसा: जिले के किसानों के बैंक खातों में 20.76 करोड़ हस्तांतरित
सिरसा, 20 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त शनिवार को जारी कर दी गई है। जिला सिरसा के लगभग एक लाख तीन हजार 773 किसानों के बैंक खातों में 20.76 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। कृषि उपनिदेशक डा. सुखदेव सिंह ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
किसान गोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. सुखदेव सिंह ने कहा कि किसानों को रसायनों के अंधाधुंध प्रयोग से बचना चाहिए और खाद्य पदार्थों में मिलावट जैसी प्रवृत्तियों से दूर रहना चाहिए। सेहत के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वस्थ भोजन सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि धन से कहीं अधिक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य है और इसी सोच के साथ किसानों को प्राकृतिक खेती से जुडऩा चाहिए। उन्होंने किसानों से अपने खेतों की नियमित मिट्टी जांच करवाने और सॉयल हेल्थ कार्ड बनवाने का आह्वान करते हुए कहा कि मृदा परीक्षण के आधार पर जिन पोषक तत्वों की आवश्यकता हो, केवल उन्हीं का प्रयोग किया जाए। अनावश्यक उर्वरकों और कीटनाशकों के इस्तेमाल से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह सहित, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपमंडल कृषि अधिकारी सतवीर सिंह, विषय विशेषज्ञ राकेश आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

