कैथल:मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने पर थाना प्रभारी निलंबित

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मारपीट के मामले में रिश्वत लेने के आरोप में एसआई राजेश कुमार की गिरफ्तारी के बाद अब तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद्र पर भी विभागीय कार्रवाई की गई है। एसपी ने उन्हें निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया है। रमेश चंद्र पर आरोप है कि उन्होंने मारपीट से संबंधित शिकायत को जांच के लिए संबंधित अधिकारी को मार्क करने के बजाय अपने पास रखा था।

मामला सुभाष नगर निवासी साहिल की शिकायत से जुड़ा है। साहिल ने मारपीट को लेकर सिविल लाइन थाना में शिकायत दी थी। उस समय रमेश चंद्र थाना प्रभारी के पद पर तैनात थे। शिकायत को लेकर बाद में एसआई राजेश कुमार पर साहिल से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई करते हुए राजेश कुमार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया था।

राजेश कुमार पर आरोप था कि उसने मारपीट के मामले में साहिल का नाम निकालने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। गिरफ्तारी के बाद एसआई को निलंबित कर दिया गया था और वह फिलहाल जेल में है। इसी मामले के बीच अब तत्कालीन थाना प्रभारी रमेश चंद्र के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है। हालांकि पुलिस विभाग की ओर से उनके निलंबन को विभागीय कार्रवाई बताया गया है। एसपी कार्यालय के अनुसार उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि एसीबी की कार्रवाई से कुछ समय पहले ही रमेश चंद्र का सिविल लाइन थाना प्रभारी पद से तबादला कर उन्हें कलायत थाना प्रभारी लगाया गया था। अब निलंबन के बाद उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story