जींद के पौराणिक रानी तालाब को सुंदर बनाने की कवायद शुरू
जींद, 20 जून (हि.स.)। जींद शहर के मध्य स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक रानी तालाब को सुंदर बनाने की कवायद चली हुई है। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा तथा उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा ने ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले रानी तालाब का संयुक्त रूप से दौरा कर वहां चल रहे साफ.-सफाई एवं गाद निकासी कार्यों का निरीक्षण किया। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि रानी तालाब जींद की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहर है और इसके सौंदर्यीकरण के लिए करोड़ों रुपये की राशि खर्च की जानी है। सरकार शहर के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है ताकि आने वाली पीढिय़ों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़कर रखा जा सके।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में तालाब से गाद निकालने तथा व्यापक स्तर पर साफ.-सपुाई का कार्य किया जा रहा है। इन कार्यों के पूर्ण होने के उपरांत तालाब को नहरी पानी से भरवाया जाएगा, जिससे इसकी प्राकृतिक सुंदरता में और अधिक वृद्धि होगी तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। डा. मिड्ढा ने कहा कि रानी तालाब परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए आकर्षक रूप प्रदान किया जाएगा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा तथा परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए विशेष कार्य किए जाएंगे।
उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं। इस दौरान डीएमसी अनिल कुमार दून, एसडीएम सत्यवान सिंह मान तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

