यमुनानगर:इनेलो कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, खरीद व्यवस्था में सुधार की मांग
यमुनानगर, 02 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर जिले में रबी सीजन के दौरान फसल खरीद में आ रही दिक्कतों को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने यमुनानगर की जगाधरी अनाज मंडी में गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
इस दौरान इनेलो के जिला अध्यक्ष रोशन लाल ने कहा कि मौजूदा खरीद व्यवस्था किसानों के लिए जटिल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बायोमैट्रिक सत्यापन प्रक्रिया में तकनीकी खामियों के कारण किसानों को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर नेटवर्क की समस्या और फिंगरप्रिंट मिलान में दिक्कतें सामने आ रही हैं, जिससे खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट की अनिवार्यता और मंडी में प्रवेश के लिए निर्धारित समय सीमा भी किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। इससे कई किसानों को रात के समय मंडी में रुकना पड़ता है, जिससे फसल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। इसके अलावा “मेरी फसल-मेरा ब्योरा” पोर्टल में तकनीकी खामियों के कारण फसल के रिकॉर्ड और वास्तविक वजन में अंतर की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपज बेचने में बाधा उत्पन्न हो रही है।
इनेलो पदाधिकारियों ने मांग की कि खरीद प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित मुद्दों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

