संयुक्त पंजाब के सबसे बुजुर्ग विधायक को सम्मानित करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
संयुक्त पंजाब के सबसे बुजुर्ग विधायक को सम्मानित करने की मांग


105 वर्षीय सही राम बिश्नोई के सम्मान की इनेलो ने उठाई मांग

चंडीगढ़, 23 फ़रवरी (हि.स.)। डबवाली से इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने 105 वर्षीय पूर्व विधायक सही राम बिश्नोई को विशेष सम्मान देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि संयुक्त पंजाब विधानसभा के ये पूर्व सदस्य न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के सबसे बुजुर्ग जीवित पूर्व विधायक हैं।

इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात करके उन्हें आधिकारिक पत्र सौंपते हुए कहा कि 105 वर्ष की उम्र में भी सही राम बिश्नोई का व्यक्तित्व प्रेरणा का स्रोत है। उनका सम्मान केवल व्यक्ति का नहीं, हमारे इतिहास का सम्मान होगा।

अदित्य देवीलाल ने बताया कि सही राम बिश्नोई ने लाहौर से लॉ की शिक्षा प्राप्त की। 1947 के आजादी आंदोलन में हिस्सा लिया और संयुक्त पंजाब विधानसभा के सदस्य रहे। आज 105 साल की उम्र में भी सक्रिय सोच और गहरी राजनीतिक समझ रखते हैं।

उन्होंने कहा कि देश में इतनी आयु का कोई दूसरा जीवित पूर्व विधायक नहीं है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि ऐसे महान व्यक्तित्व को सम्मान दें, ताकि नई पीढ़ी भी प्रेरणा ले सके। वहीं विधानसभा में शून्यकाल में बोलते हुए आदित्य ने जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पक्की नहरों के आउटलेट (मोघे) विभाग द्वारा ऊपर-नीचे किए जाते हैं, जिससे टेल के किसानों को पानी नहीं मिलता। धरने और विवाद होते हैं। इनेलो विधायक ने कहा कि योजनाओं के पोर्टल गलत डेटा दिखा रहे हैं। सुधार करवाने को कोई अधिकारी जिम्मेदारी नहीं लेता। कॉमन सर्विस सेंटर 20-30 रुपये की जगह 200-300 रुपये वसूल रहे हैं। उन्होंने कालुआना गांव के अजय भादू का उदाहरण दिया, जिनकी फैमिली आईडी में मुखिया का नाम गलत होने के बावजूद महीनों से सुधार नहीं हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story