यमुनानगर: छात्रों पर बल प्रयोग के विरोध में इनेलो ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: छात्रों पर बल प्रयोग के विरोध में इनेलो ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन


यमुनानगर, 24 जुलाई (हि.स.) दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं के साथ कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को इंडियन नेशनल लोकदल ने यमुनानगर में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता जगाधरी अनाज मंडी गेट पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। वहां उन्होंने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक दिलबाग सिंह ने किया। दिलबाग सिंह ने कहा कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर छात्र एवं युवा शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रख रहे थे। उनका आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया तथा आंसू गैस और पैलेट गन का भी इस्तेमाल किया, जिससे अनेक छात्र घायल हुए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों को शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है और ऐसे आंदोलनों पर बल प्रयोग उचित नहीं कहा जा सकता।

ज्ञापन में राष्ट्रपति से पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच कराने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया गया है। इसके साथ ही नीट पेपर लीक प्रकरण में दोषियों को कड़ी सजा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा शुल्क और आयु सीमा में राहत, तथा घायल छात्रों को समुचित मुआवजा और निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

प्रदर्शन के दौरान इनेलो के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की गरिमा बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story