यमुनानगर:महंगाई के खिलाफ इनेलो ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:महंगाई के खिलाफ इनेलो ने किया प्रदर्शन


यमुनानगर, 01 जून (हि.स.) बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल ने यमुनानगर में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जगाधरी अनाज मंडी क्षेत्र से प्रदर्शन शुरू कर लघु सचिवालय तक मार्च निकाला तथा प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी के दामों में लगातार वृद्धि का असर आम जनजीवन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उनका कहना था कि ईंधन महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ी है, जिसके परिणामस्वरूप खाद्य सामग्री, सब्जियां, फल, अनाज तथा डेयरी उत्पादों के दाम भी प्रभावित हुए हैं। घरेलू रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि ने मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है। इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती ने कहा कि महंगाई का असर केवल उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों और छोटे कारोबारियों को भी इसका सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डीजल आधारित कृषि उपकरणों और सिंचाई संसाधनों की लागत बढ़ने से खेती का खर्च लगातार बढ़ रहा है।

इसके साथ ही खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों की कीमतों में वृद्धि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पूर्व विधायक दिलबाग सिंह ने केंद्र सरकार से पेट्रोलियम उत्पादों पर करों में राहत देने तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर इनेलो लगातार आवाज उठाती रहेगी। साथ ही उन्होंने विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को अधिक मजबूती से उठाने की आवश्यकता है। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष रोशन लाल, प्रदेश महासचिव मंगत राम सैनी, जाहिद खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story