पलवल में देवीलाल की पुण्यतिथि पर इनेलो व जेजेपी नेताओं ने किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
पलवल में देवीलाल की पुण्यतिथि पर इनेलो व जेजेपी नेताओं ने किया नमन


पलवल में देवीलाल की पुण्यतिथि पर इनेलो व जेजेपी नेताओं ने किया नमन


पलवल, 06 अप्रैल (हि.स.)।देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं किसान-गरीबों के मसीहा चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि पर साेमवार काे प्रदेशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर इनेलो के वरिष्ठ नेता सतपाल देशवाल ने दिल्ली स्थित राजघाट व संघर्ष स्थल पहुंचकर चौधरी देवीलाल की स्मृति में पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सतपाल देशवाल ने कहा कि चौधरी देवीलाल केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में जनहित को सर्वोपरि रखा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया। देशवाल ने कहा कि आज भी उनके सिद्धांत और विचार देश की राजनीति के लिए मार्गदर्शक हैं।

वहीं पलवल में जननायक जनता पार्टी द्वारा देवीलाल पार्क में स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम में जेजेपी के वरिष्ठ नेता सुखराम डागर ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रतिमा को गंगाजल से स्नान कराकर फूल-मालाएं अर्पित की गईं और हवन-यज्ञ के माध्यम से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

डागर ने कहा कि चौधरी देवीलाल को आज भी ‘जगत ताऊ’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने सरकार में रहते हुए बुजुर्गों के लिए वृद्धावस्था सम्मान पेंशन लागू कर एक ऐतिहासिक पहल की, जिसका लाभ आज भी लाखों लोगों को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि चौधरी देवीलाल 19 अक्टूबर 1989 से 21 जून 1991 तक देश के उपप्रधानमंत्री रहे और दो बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर युवा नेता सोनू रावत, पूर्व हल्का अध्यक्ष रोहतास नम्बरदार, चांद सिंह, रामपाल, धनीराम, छाजूराम, रमेश कुमार, विजय सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story