सिरसा: भाजपा व कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य को किया बर्बाद: अभय चाैटाला

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: भाजपा व कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य को किया बर्बाद: अभय चाैटाला


सिरसा, 06 मार्च (हि.स.)। इनेलाे के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक ली। बैठक को संबोधित करते हुए अभय चाैटाला ने कहा कि आगामी 23 मार्च को नरवाना में युवा इनेलो के बैनर तले प्रादेशिक स्तर पर शहीदी दिवस सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इनेलो नेता ने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश का युवा इस समय बड़ी समस्याओं से घिरा है क्योंकि शासन की ओर से उनके बेहतर भविष्य के लिए किसी भी प्रकार की कोई रोजगार व अन्य हितकारी नीति नहीं बनाई, यही वजह है कि आज प्रदेश का युवा अपनी भूमि बेचकर विदेशों की ओर जाने को बाध्य हो रहा है।

अभय सिंह चौटाला ने शुक्रवार काे कहा कि जब उन्होंने प्रदेशभर में पदयात्रा की थी, उस समय उन्हें युवाओं की अनेक समस्याओं का ज्ञान हुआ था जिसमें सर्वाधिक बेरोजगारी थी। युवा दिवस सम्मेलन में युवाओं की समस्याओं व उनके उज्जवल भविष्य को लेकर विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के सहयोग से आगामी 2029 में हरियाणा में इनेलो के सत्तासीन होते ही युवाओं की बेहतरी के लिए उन्हें योग्यता के आधार पर विभिन्न विभागों में रोजगार दिया जाएगा और जो युवा शेष रहेंगे, उन्हें 21 हजार रुपए प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व भाजपा ने युवाओं का भविष्य चौपटा किया। उन्होंने जिक्र किया भाजपा शासन ने बुजुर्गों की सम्मान पेंशन काट दी थी, जिसे इनेलो ने संघर्ष की हुंकार भरकर वापिस करवाया। सरकार ने अपनी गलती स्वीकारी और बुजुर्गों को 200 रुपए की बढ़ौतरी करके पेंशन जारी की। अभय चौटाला ने कहा कि जिन बीपीएल परिवारों के कार्ड काटे गए हैं, उन्हें वापस भरवाने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता गांव गांव जाकर ऐसे परिवारों से फार्म भरवा रहे हैं और जल्द ही उनके लिए भी संघर्ष किया जाएगा। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि सरकार की ओर से प्रस्तुत किए गए बजट पर चुटकी लेते हुए कहा कि यह बजट नहीं बल्कि मुख्यमंत्री का भाषण था जिसमें न तो व्यापारियों के लिए कुछ था और न ही किसानों के लिए। राज्यसभा सदस्यों के चुनावों को लेकर उन्होंने आरोप जड़ा कि कांग्रेस ने पहले भी भाजपा की टीम बनकर उनके प्रत्याशियों को विजयी बनाने में भूमिका निभाई थी और इस बार भी कांग्रेस ऐसा ही खेल खेलेगी। बैठक को युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्ण चौटाला, युवा इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अरविंद गोस्वामी व इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story