सोनीपत: सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now

सोनीपत, 06 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत

जिले के कुंडली थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल मिले एक व्यक्ति की उपचार के

दौरान मौत हो गई। राहगीर की सतर्कता और मानवता के चलते घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया

गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ गुरुवार को मामला दर्ज कर जांच

शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के प्रयास भी लगातार जारी हैं।

पुलिस

को दी शिकायत में गढ़ी ब्राह्मण निवासी गौरव कुमार ने बताया कि वह दिल्ली से बाइक पर

सोनीपत लौट रहे थे। सिंघु बॉर्डर से आगे जीटी रोड पर उन्हें एक अंजान व्यक्ति सड़क

पर घायल और अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उन्होंने अपने एक साथी की मदद से घायल को तुरंत

सिविल अस्पताल सोनीपत पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक

हालत देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक भेज दिया। बाद में गौरव कुमार को सूचना मिली कि घायल

व्यक्ति की पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने कुंडली थाना

पहुंचकर वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की।

पुलिस

के अनुसार, पीजीआई रोहतक से अज्ञात व्यक्ति की मृत्यु संबंधी रुक्का प्राप्त हुआ था।

अगले दिन जांच अधिकारी पीजीआई पहुंचे और शव को ट्रॉमा सेंटर से मोर्चरी में रखवाया।

चिकित्सकीय अधिकारी को शव बहत्तर घंटे तक सुरक्षित रखने के लिए आवेदन दिया गया, ताकि

उसकी पहचान कराई जा सके।

जांच

अधिकारी ने मृतक के फोटो विभिन्न पुलिस समूहों और अन्य माध्यमों से प्रसारित किए। आसपास

के थाना क्षेत्रों तथा संबंधित एजेंसियों के माध्यम से भी पहचान कराने का प्रयास किया

गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पांच अगस्त को गौरव कुमार की शिकायत मिलने के बाद कुंडली

थाना में वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल

के आसपास लगे सीसीटीवी, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर वाहन की

पहचान की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story