सोनीपत: विधायक व मेयर ने शुरू करवाए 80 लाख के विकास कार्य
सोनीपत, 08 अक्टूबर (हि.स.)। सोनीपत
के वार्ड 19 के सेक्टर 23, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और वार्ड 21 के निवासियों को करीब
80 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों और गलियों की सौगात मिली है। विधायक निखिल
मदान और मेयर राजीव जैन ने बिटुमिन से बनने वाली सड़कों और गलियों के निर्माण कार्य
का शुभारंभ किया। इस दौरान निगम पार्षद राजेश मलिक, दीपमाला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय
लोग मौजूद रहे। निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने विधायक और मेयर का गुरुवार को आभार
जताया।
विधायक
निखिल मदान ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता
है। वार्ड 19 और 21 में जर्जर गलियों के निर्माण की मांग क्षेत्रवासियों ने रखी थी।
इसके बाद निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी कर अब मौके पर काम शुरू कराया गया
है। करीब 80 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों से लोगों को आवागमन में सुविधा
मिलेगी।
मेयर
राजीव जैन ने कहा कि सरकार और नगर निगम की ओर से शहर में विकास कार्यों को लगातार गति
दी जा रही है। जरूरत के अनुसार सड़क, सीवर, पेयजल और स्ट्रीट लाइट समेत अन्य मूलभूत
सुविधाओं से जुड़े काम भी कराए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण
कार्य तय मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से और समय पर पूरा किया जाए, ताकि लोगों
को परेशानी न हो।
विधायक
और मेयर ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता से समझौता नहीं किया जाएगा।
लोगों की समस्याओं का समाधान कर बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में जिला पार्षद संजय बड़वासनी, अनिल ठाकुर, अनिल ढुल्ल, अमन योगी, रमेश
कुमार, सुनीता, पवन, देवेंद्र, नवीन जैन, राकेश, नरेश, सुरेश सहित नगर निगम अधिकारी
और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

