हिसार : महिला काॅलेज में छात्राओं ने उद्यमिता, स्टार्टअप व सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी ली
उद्यमिता प्रश्नोत्तरी में जागृति, शिक्षा और स्वाति की टीम रही प्रथम
हिसार, 31 अगस्त (हि.स.)। शहर के राजकीय महिला महाविद्यालय के अर्थशास्त्र
विभाग की ओर से साेमवार काे उद्यमिता प्रकोष्ठ के सहयोग से उद्यमिता पखवाड़ा के तहत उद्यमिता विषय
पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं को उद्यमिता,
नवाचार और स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें व्यावसायिक समझ विकसित करना
रहा।
प्रश्नोत्तरी में उद्यमिता,
स्टार्टअप संस्कृति, व्यवसाय प्रबंधन, सफल उद्यमियों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से
जुड़े सवाल पूछे गए। प्रतिभागियों ने अपनी तैयारी और त्वरित उत्तरों के माध्यम से प्रतियोगिता
को रोचक बना दिया। प्रतियोगिता में जागृति, शिक्षा और स्वाति की टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सारिका, वंदना और दीक्षा की टीम द्वितीय तथा नियति,
पूनम और निशा की टीम तृतीय स्थान पर रही। विजेता छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित
किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य सतीश सिंगला ने छात्राओं को संबोधित करते हुए साेमवार काे कहा
कि उद्यमिता युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। इस प्रकार की गतिविधियां
छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, नवाचार और व्यावसायिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण
भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्राओं से रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजन की
दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
आयोजनकर्ताओं, मंजू लता, सारिका और डॉ. कविता ने बताया कि उद्यमिता पखवाड़े
के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों का उद्देश्य छात्राओं में उद्यमशीलता, नेतृत्व क्षमता
और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली
सभी छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी
के लिए प्रेरित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

