यमुनानगर : जगाधरी औद्योगिक क्षेत्र में आग से बिजली व्यवस्था ठप, पर्यावरण को भारी क्षति

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर : जगाधरी औद्योगिक क्षेत्र में आग से बिजली व्यवस्था ठप, पर्यावरण को भारी क्षति


यमुनानगर, 25 मार्च (हि.स.)यमुनानगर के मानकपुर इंडस्ट्री एरिया फेज-2 में अचानक लगी भीषण आग ने करीब दो एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास स्थापित ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह आग बुधवार दोपहर काे खाली पड़ी जमीन में सूखी घास और झाड़ियों में लगी, जो तेज हवा के कारण तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते लपटों ने व्यापक क्षेत्र को घेर लिया और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। घटना के चलते क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़-पौधे भी जलकर नष्ट हो गए, जिससे पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंची है। स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि राहत दल के पहुंचने में काफी विलंब हुआ। इस देरी के कारण आग को फैलने का अवसर मिला और नुकसान का दायरा बढ़ गया।

बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने लंबे समय तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया। घटना के बाद औद्योगिक इकाइयों से जुड़े लोगों और स्थानीय नागरिकों में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर असंतोष देखा गया। लोगों का कहना है कि आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story